रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस प्रशासन ने अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए जिले के सात आदतन अपराधियों को ढोल-नगाड़ों के साथ जिले से बाहर का रास्ता दिखा दिया। जिला बदर की यह कार्रवाई गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत की गई, जिसमें अपराधियों को आगामी छह माह के लिए ऊधम सिंह नगर जिले में प्रवेश करने पर रोक लगाई गई है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रें से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले अपराधियों के विरुद्ध गुण्डा एक्ट के अंतर्गत चालानी रिपोर्ट भेजी गई थी। अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन/नजूल) द्वारा इन अपराधियों की गतिविधियों की पुष्टि के बाद गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा-3 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें छह माह की अवधि के लिए जिला बदर कर दिया गया। शनिवार को इन अपराधियों को पुलिस की निगरानी में जनपद की सीमा से बाहर, रामपुर बॉर्डर तक छोड़ा गया। साथ ही उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि यदि छह माह की अवधि से पहले उन्होंने जिले में प्रवेश करने की कोशिश की तो उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जिला बदर किए गए अपराधियों गुरचरण सिंह उर्फ चन्नी, पुत्र सिंघारा सिंह, निवासी दुधिया नगर, अमरजीत सिंह, पुत्र महिपाल सिंह, निवासी ग्राम फिरोजपुर, काशीपुर, संदीप सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह, निवासी ग्राम सरवरखेड़ा, थाना कुंडा, गुरप्रीत सिंह, पुत्र तरसेम सिंह, निवासी सरवरखेड़ा, थाना कुंडा, किशन सिंह, पुत्र मोहन सिंह, निवासी छोटी बरखेड़ी, थाना आईटीआई, सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा, निवासी मंगल बाजार, आलूफार्म, थाना आईटीआई, बंटी सिंह, पुत्र गुलाब सिंह, निवासी खड़कपुर, देवीपुरा, थाना आईटीआई आदि शामिल हैं। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने दो टूक कहा है कि अपराध और जनपद में अब एक साथ नहीं चलेंगे। अपराधियों को या तो अपराध छोड़ना होगा या जनपद छोड़ना होगा।
