रूद्रपुर । रम्पुरा बस्ती के युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में किच्छा रोड पर शव मिलने से सनसनी फैल गयी। मृतक हलवाई का काम करता था उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। सूचना पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर घटना की जानकारी ली और परिजनों को सांत्वना दी। जानकारी के मुताबिक रम्पुरा वार्ड नं. 24 निवासी 36 वर्षीय लेखराज पुत्र रामदास शादी विवाह में खाना बनाने का काम करता था। गुरूवार को सुबह वह घर से काम के लिए निकला और देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। रात करीब साढ़े दस बजे किच्छा रोड पर मेडिसिटी हॉस्पिटल के पास एक शव मिलने सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया। इस दौरान मृतक की शिनाख्त लेखराज पुत्र रामदास के रूप में हुयी। जिस पर पुलिस ने रात करीब साढ़े बारह बजे परिजनों को मौत की सूचना दी तो उनमें कोहराम मच गया। मृतक की तीन बेटियों और दो पुत्र हैं। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, समाजसेवी संजय ठुकराल, ललित बिष्ट, राकेश कोली, सत्ता कोली ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
