राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़

सड़कों पर नियम तोड़ने से बाज नहीं आ रहे लोग, 28 वाहनों का चालान

रुद्रपुर। प्रदेश में सबसे अधिक हादसों वाले जिले में तमाम सख्ती के बावजूद लोग यातायात नियमों को तोड़ने से बाज नहीं आ रहे हैं। मरचूला हादसे के बाद चल रहे परिवहन विभाग के विशेष चेकिंग अभियान के चौथे दिन 28 वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए मिले। विभाग ने जुर्माना वसूलने के साथ ही सड़क सुरक्षा के तहत वाहन चालकों को नियमों का पाठ भी पढ़ाया।

शुक्रवार को परिवहन कर अधिकारी एपी गुप्ता के नेतृत्व में रुद्रपुर संभाग में चलाए गए अभियान के दौरान यात्री वाहनों के साथ ही दोपहिया वाहन नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए मिले। परिवहन कर अधिकारी ने बताया कि 15 दोपहिया वाहनों का हेलमेट न पहनने और तीन सवारी बैठाने पर चालान किया गया। 13 चौपहिया, तिपहिया वाहनों के कागजात दुरुस्त नहीं पाए गए।
वहीं सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन कर अधिकारी के नेतृत्व में विभाग के कर्मचारियों ने वाहन चालकों को नियमों का पाठ पढ़ाया। गलत साइड, ओवर स्पीड, ओवर लोडिंग, कागजात पूर्ण न होने पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी दी। बताया गया कि शराब पीकर वाहन चलाने पर चालक का लाइसेंस निरस्त करने का नियम है। एआरटीओ प्रशासन चक्रपाणी मिश्र ने बताया कि विशेष चेकिंग अभियान एक पखवाड़े तक चलेगा।

चार दिन में 319 चालान, 31 वाहन सीज
रुद्रपुर। परिवहन विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर चार दिन में 319 वाहनों का चालान किया है। साढ़े सत्रह लाख रुपये जुर्माना वसूला है। अभियान के पहले दिन मंगलवार को 102 वाहनों का चालान हुआ, 15 वाहन सीज किए गए। करीब पांच लाख जुर्माना वसूला गया। दूसरे दिन बुधवार को 93 वाहनों का चालन हुआ, 10 वाहन सीज किए गए। करीब साढ़े चार लाख रुपया जुर्माना वसूला गया। बृहस्पतिवार को तीसरे दिन 96 वाहनों का चालान हुआ, छह वाहन सीज किए गए। करीब छह लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। चौथे दिन शुक्रवार को 28 वाहनों का चालान हुआ। करीब दो लाख रुपये सरकारी खजाने में आए।
Aman Singh

journalism

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़