हरिद्वार। देर रात बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार देर रात्रि में ढोर डंगर चुराने वाले बदमाशों के गांव में घुसने की सूचना पर हरिद्वार पुलिस ने झबरेड़ा क्षेत्रांतर्गत झबरेड़ा मंगलौर नहर पटरी के पास बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गयी। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। मुठभेड में बोलर पुत्र तालिब निवासी ग्राम चांदपुर गागलहेड़ी सहारनपुर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर इसके तीन साथी मौके से फरार हो गये। घायल बदमाश को उपचार के लिए चिकित्सालय भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ा की सूचना मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने रात को ही मौका मुआयना किया और रुड़की सिविल अस्पताल जाकर घायल के बारे में जानकारी ली। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश कर रही है।
