(G-वार्ता)
बाजपुर। नेता प्रतिपक्ष व क्षेत्रीय विधायक यशपाल आर्य ने सरकारी भर्तियों में हुए घोटाले को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार आखिर क्यों मामले की सीबीआई जांच कराने से कतरा रही हैं। सरकार ने ब्लैकलिस्ट कम्पनी को परीक्षा कराने की जिम्मेदारी क्यों दी, हाकम सिंह किस पार्टी का सदस्य है और किन नेताओं से उसका सम्पर्क था? इन सब मामलों की निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए। सरकार को नैतिकता के आधार पर विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाकर चर्चा करनी चाहिए। आर्य ने कहा कि तमाम लोग फर्जी प्रमाण पत्र लेकर उत्तराखंड में नौकरी कर रहे है, जो कि सार्वजनिक होने चाहिए। एसटीएफ की कार्यवाही क्या अंजाम तक पहुंचेगी, क्या सभी दोषी गिरफ्तार होंगे? पुरानी जांचों के मामलों में आज तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। एसआईटी बड़े चेहरों के खिलाफ कार्यवाही करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही। धीरे-धीरे मामले को ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास किया जा रहा है। हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में इसकी जाँच होनी चाहिए। भू-कानून पर आर्य ने कहा कि सरकार जल्दबाजी में भू कानून बनाना चाहती है। प्रदेश में कई जगह सरकारी भूमि की बंदरबांट की गई हैं, सर्वप्रथम उनके नाम सार्वजनिक होने चाहिए। जहरीली शराब से हुई मौतों पर बड़ी कार्यवाही न होने पर भी उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लिया।
