(G-वार्ता)
गदरपुर। ब्लाक सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में विद्युत, पानी, सिंचाई, राशनकार्ड, सड़क निर्माण सहित करीब 97 शिकायतें दर्ज की गयी। समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को तुरन्त निस्तारण करने के दिशा निर्देश दिये। मंगलवार को गूलरभोज रोड स्थित ब्लाक कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी युगल किशोर पंत की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। जिसमें करीब एक दर्जन से अधिक विभागों के स्टाल लगाये गये और लोगों को जानकारी दी गयी। तहसील दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक अरविन्द पांडेय ने कहा कि जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों समय से अपने कार्यालय में पहुंचे तभी लोगों लोगों इसका लाभ पहुंच सकेगा। उन्होंने भी अधिकारियों से लोगों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करते की बात कही। तहसील दिवस पर समाज कल्याण विभाग, तहसीलद कार्यालय, पंचायती राज विभाग, पशुपालन विभाग, ग्राम्य विभाग, जल संस्थान, उद्यान एवं प्रंसस्करण विभाग, नगरपालिका परिषद, समग्र शिक्षा विभाग, पशु पालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, श्रम विभाग आदि द्वारा अपने-अपने स्टाल लगाये गये। स्टाल के माध्यम से लोगों को अपने-अपने विभाग की उपलब्धियों की जानकारी दी गयी। तहसील दिवस पर करीब 97 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज करवायी। जिसमें खाद्य आपूर्ति विभाग की सबसे अधिक 35, राजस्व विभाग की 21, नगरपालिका संबंधी 8, विद्युत विभाग की 7, पीडब्लूडी 7, विकास खंड 7, पेयजल 4, समाज कल्याण की 3, ग्राम्य विकास की 2, बाल विकास की 2 एवं सिंचाई विभाग संबंधी एक शिकायत दर्ज की गयी। वहीं उत्तराखंड आन्दोलनकारी में चिन्हित किये जाने की शिकायत भी दर्ज की गयी।
