(G-वार्ता)
गदरपुर। विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी द्वारा थाने में तहरीर देकर बड़ौदा बैंक में करीब 13.4 लाख रुपये विद्युत विभाग की राजस्व वसूली की धनराशि जमा न होने पर बैंक कर्मियों एवं विद्युत कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही किये जाने की मांग की है। उपखंड अधिकारी विद्युत वितरण उपखंड गदरपुर फरमान हैदर जैदी पुत्र इरफान हैदर जैदी ने थानाध्यक्ष गदरपुर को दिये गये प्रार्थना पत्र में अवगत कराया कि पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा पुत्र स्व. सुरेन्द्र कुमार शर्मा विद्युत वितरण खंड द्वितीय रुद्रपुर के अधीन उपखंड कार्यालय गदरपुर में विद्युत बिलों की वसूली राजस्व संग्रहकर्ता (टीजी-2) के पद पर तैनात थे। पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा द्वारा प्रतिदिन विद्युत बिलों को जमा करने का कार्य किया जाता था तथा उक्त जमा बिलों की धनराशि को प्रतिदिन बैंक आॅफ बड़ौदा की शाखा गदरपुर में जमा किया जाता था तथा उक्त धनराशि की जमा स्लीप/रसीद को जमा किये गये विद्युत बिलों के स्टेटमेंट के साथ अधिशासी अभियंता के कार्यालय रुद्रपुर में जमा किया जाता था। पत्र में कहा गया कि दिनांक 26 जुलाई 2022 को अधिशासी अभियंता द्वारा अपने पत्रांक संख्या-1195 द्वारा इनसे जब स्पष्टीकरण मांगा गया कि पुष्पेन्द्र शर्मा द्वारा दिनांक 21, 22, 23, 24 व 25 जून 2022 को बैंक में क्रमशः रु. 327115, रु. 389900, रु. 237385, रु. 48000, रु. 152850, रु.83560 सहित कुल 13.4 लाख रुपये की धनराशि विभागीय खाता संख्या 24980200008599 में जमा की गयी थी जो क्रेडिट नहीं हुई। जब इस धनराशि का सत्यापन बैंक जाकर कृत कार्यवाही से अवगत कराने की बात कही गई जिसके क्रम में उपखंड कार्यालय से भी पत्र संख्या 729 दिनांक 29जुलाई 2022 को एक पत्र सम्बंधित बैंक को लिखा गया था। जिसके प्रत्युत्तर में बैंक द्वारा अपने पत्र 01 अगस्त 2022 द्वारा बताया गया कि उक्त रसीद उनके कर्मचारियों द्वारा निर्गत नहीं की गयी है बैंक द्वारा ओरिजिनल रसीद नहीं दिखाई गई जिस पर बैंक कर्मी भी संदेह के घेरे में है वहीं तहरीर के आधार पर बैंक कर्मियों व विद्युत कर्मियों पर जांच के उपरांत कार्रवाई की मांग की गई है ।
