देहरादून। राजधानी देहरादून में एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक युवा की जिंदगी छीन ली। रविवार देर रात सहसपुर क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। भीषण हादसे में जीबीआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज के सेकंड ईयर के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सत्यम कुमार (निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार) के रूप में हुई है। घायल छात्रें में विनीत (21), निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) और सौरभ सिंह, निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी सहसपुर से हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। थाना सहसपुर के एसएचओ शंकर बिष्ट ने बताया कि हादसा देर रात लगभग 11 से 12 बजे के बीच हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे पेड़ से टकराई मिली। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद तीनों छात्रें को अस्पताल पहुंचाया गया। जीबी आईटी इंजीनियरिंग कॉलेज के रजिस्ट्रार डॉ- विशांत कुमार ने बताया कि तीनों छात्र बिहार के रहने वाले हैं और कॉलेज के सेकंड ईयर के विद्यार्थी हैं। वे देहरादून में किराए पर कमरा लेकर रहते थे। कॉलेज प्रशासन को घटना की जानकारी देर रात करीब ढाई बजे मिली, जिसके बाद मृतक छात्र के परिजनों को सूचित किया गया। घटना की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक छात्र सत्यम कुमार का पोस्टमॉर्टम कराया गया है, जबकि दोनों घायलों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिसने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिर रफ्तार बनी मौत का सबब, पेड़ से टकराई अनियंत्रित कार
