रूद्रपुर। यातायात पुलिस कर्मी विनोद डंडरियाल का रविवार की रात्रि आकस्मिक निधन हो गया। जिससे पुलिस महकमे में शोक की लहर व्याप्त हो गई। मूल रूप से कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल निवासी 40 वर्षीय स्व. विनोद डंडरियाल यहां शांति विहार कालोनी में परिवार सहित रहते थे। वह वर्ष 2006 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। बताया जाता है कि रविवार की रात उनकी तबियत अचानक तेजी से बिगड़ गई। जिस पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्व. विनोद डंडरियाल का वर्ष 2024 में अल्मोड़ा जनपद तबादला हो गया था। उनके एक बेटा व एक बेटी हैं। उनके पिता गुणानंद डंडरियाल पीएसी से सेवानिवृत्त हुए हैं। विनोद डंडरियाल के आकस्मिक निधन से पुलिस महकमें में शोक की लहर व्याप्त हो गई।
