जसपुर। स्वास्थ्य एवं उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का लोकार्पण किया। मंत्री के अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर होने की उम्मीद जगी हैं। जनप्रतिनिधियों ने भी अस्पताल की समस्याओं से रूबरू कराया।अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि जसपुर के सीएचसी को उपजिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकरण कर 50 बेड का बनाए जाने की योजना है। इसके तहत शीघ्र विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। एक सप्ताह के भीतर बाल रोग विशेषज्ञ भी तैनात कर दिया जाएगा। बताया कि सप्ताह में एक दिन होने वाला अल्ट्रासाउंड अब दो दिन होगा। स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती भी जल्द होगी।
मंत्री ने कहा कि ऊधमसिंह नगर को जल्द ही 45 स्थायी डॉक्टर मिलने वाले हैं। उन्होंने दावा किया वर्ष 2027 तक सरकार राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती पूरी कर देगी। इस कदम से अस्पतालों में आमजन को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा।
उन्होंने सीएमएस डाॅ. धीरेंद्र मोहन गहलोत के एक लाख ओपीडी करने एवं अस्पताल हित में अच्छे कार्य की सराहना की। विधायक आदेश सिंह चौहान ने शिवराजपुर पट्टी के राजकीय डिग्री काॅलेज में विषय बढ़ाने की मांग की।
पूर्व विधायक डाॅ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने शेरअली बाबा मजार के पास खाली पड़ी साढ़े बारह एकड़ सरकारी भूमि को जनहित में इस्तेमाल करने की मांग की। उन्होंने अस्पतालों में निशुल्क जांच के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। इससे पूर्व मंत्री का भाजपाइयों ने स्वागत किया। बीएन बलवान ने कार्यक्रम का संचालन किया। यहां पर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, राजकुमार सिंह, डाॅ. एमपी सिंह, सीएमओ डाॅ. केके अग्रवाल, सनी पधान, डाॅ. यूनुस चौधरी, स्वतंत्र कुमार मिश्रा, हरप्रीत सिंह हैप्पी आदि मौजूद रहे।