रूद्रपुर। चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी मोहन खेड़ा आज अपने गृह क्षेत्र भूरारानी अंतर्गत वार्ड नं 32 एवं 33 में घर घर जाकर लोगों से मिले। उन्होंने इस दौरान कार्यकर्ताओं से भी घर घर जाकर मुलाकात की और चुनावी माहौल का आंकलन किया। इस दौरान मोहन खेड़ा कल रोड शो में उमड़ी भीड़ से बेहद उत्साहित नजर आये। उन्होंने रैली को ऐतिहासिक बनाने पर सभी का आभार भी व्यक्त किया।
इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि शहर की जनता का जो अभूतपूर्व प्यार और आशीर्वाद उन्हें मिला है इसके लिए वह हमेशा जनता के ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने उम्मीद से कहीं बढ़कर चुनाव प्रचार में उनका अपना आशीर्वाद दिया। यह आशीर्वाद उनकी जीत का मार्ग प्रशस्त करेगा। मोहन खेड़ा ने कहा कि कल की ऐतिहासिक रैली ने सत्ता पक्ष के लोगों की नींद उड़ा दी है। उन्होंने कहा कि रूद्रपुर की जनता इस चुनाव में बदलाव का मन बना चुकी है। हर वार्ड में परिवर्तन की लहर देखने को मिली है। उन्होंने जनता भाजपा से दस सालों का हिसाब मांग रही है। नगर निगम में भाजपा के दस साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। भाजपा के दोनों मेयर पूरी तरह नकारा साबित हुए हैं, इसी का नतीजा है कि जनता का रूझान कांग्रेस की तरफ है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर जनता में भाजपा के खिलाफ भारी नाराजगी है, जनता समझ चुकी है कि भाजपा का मेयर बना तो चुनाव खत्म होते ही स्मार्ट मीटर लग जायेंगे।
मोहन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस हर वर्ग का विकास चाहती है। सभी के हित कांग्रेस में ही सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि भाजपा की मानसिकता है लूटो और राज करो। जनता अब ये सब नहीं चलने देगी। उन्होंने कहा कि जब गरीबों पर संकट आता है तो भाजपा के जनप्रतिनिधि शहर से गायब हो जाते हैं। इनके फोन तक नहीं उठते। उन्होंने कहा कि भाजपा की गरीब विरोधी सोच का इस चुनाव में करारा जवाब मिलेगा। खेड़ा ने कहा यह चुनाव रूद्रपुर के भविष्य का चुनाव है। तीसरी बार भी भाजपा का मेयर बना तो यह शहर के लिए दुर्भाग्य होगा। उन्होनें कहा कि भाजपा के नेता रूद्रपुर को विनाश की ओर ले जाने की कोशिश में लगे हैं। कांग्रेस यह सब नहीं होने देगी। उन्होने कहा कि जनता का समर्थन कांग्रेस के साथ है, नगर निगम में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद रूद्रपुर में विकास का नया सवेरा होगा।
