देर रात स्टेडियम तिराहे पर बुलेट ने मारी टक्कर
हल्द्वानी। मतगणना के दौरान देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्व विभाग के एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक वीरेंद्र पांडे कुमाऊं कमिश्नर कैंप कार्यालय में तैनात थे। बताया जा रहा की देर रात कालाढूंगी रोड स्थित स्टेडियम तिराहे पर तेज रफ्तार बुलेट सवार ने 58 वर्षीय वीरेंद्र पांडे की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उनकी बाइक सड़क पर गिर गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में लोग उनको सुशीला तिवारी अस्पताल ले गये जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी, घटना देर रात 11बजे की बताई जा रही है। मृतक कर्मचारी कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के हल्द्वानी कैंप कार्यालय में कार्यरत थे। यह घटना तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग का नतीजा है, सीसीटीवी वीडियो में साफ दिखाई दे रहा हैं कि बुलेट सवार काफी तेज गति से आ रहा है, जहां बुलेट चालक बाइक सवार वीरेंद्र पांडे को जोरदार टक्कर मार देता है, और वह जमीन पर गिर जाते हैं, घटना के बाद मौके से बुलेट सवार फरार हो गया, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हल्द्वानी कोतवाली पुलिस का कहना है कि क्षेत्र के सीसीटीवी की जांच की जा रही है, जल्द ही बुलेट चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से मृतक परिवार में कोहराम मचा हुआ है, बताया जा रहा है कि मृतक वीरेंद्र पांडे कुछ महीने बाद रिटायर होने वाले थे। हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि मृतक के शव की पोस्टमार्टम की कार्रवाई चल रही है, आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
