रुद्रपुर। जिले में आगामी 14 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया है। इसमें मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। जानकारी देते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेंद्र कुमार सागर ने बताया कि उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश पर रुद्रपुर सहित वाह्य स्थित दीवानी न्यायालयों काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज और किच्छा में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। सचिव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटीगेशन के वादों का निस्तारण किया जाएगा। इसमें फौजदारी के शमनीय मामले, विद्युत और जलकर बिलों के मामले, धारा 138 एनआई एक्ट के मामले, धन वसूली, मोटर दुर्घटना दावा, आईपीआर मामले, उपभोक्ता मामले, किसी अर्ध-न्यायिक प्राधिकरण के समक्ष लंबित अन्य मामले, वैवाहिक-कुटुंब न्यायालयों, श्रम संबंधित मामले, अन्य ऐसे मामले जो सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित हो सके का निस्तारण किया जाएगा। सागर ने कहा कि जो भी व्यक्ति अपने वादों, मामलों का राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण करवाना चाहते हैं वे संबंधित न्यायालय में किसी भी कार्यदिवस में 13 दिसंबर तक स्वयं और अपने अधिवक्ता के माध्यम से संबंधित न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर अपने वादों को नियत करवाकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
