रूद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प में आज प्रातः फुटबाल मैदान के पास आवासीय कालोनी में अपने किराये के कमरे में सिडकुल कर्मी संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से फांसी पर लटका पाया गया। मामलंे की सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वहां मौजूद लोगों से मृतक के सन्दर्भ में आवश्यक जानकारी ली और शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शव करीब दो तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से रामपुर निवासी 32 वर्षीय राजेश सैनी पुत्र किशनराम पिछले करीब तीन वर्षों से एल ब्लॉक ट्रांजिट कैम्प में दो मंजिल पर किरायेदार के रूप में रहकर सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था। बताया जाता है कि उसका कमरा पिछले दो दिन से बंद था। न ही राजेश किसी को नजर आया था। शुक्रवार प्रातः पड़ोस के एक व्यक्ति ने राजेश के कमरे से खून बाहर निकलता देखा तो उसने भवन स्वामी को इसकी जानकारी दी। जब राजेश का कमरा खोला गया तो उसे फांसी पर लटका पाया गया और कमरे में खून बिखरा हुआ था। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वहां मौजूद लोगों से मृतक के सन्दर्भ में आवश्यक जानकारी ली और शव फंदे से उतार कर अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शव से आ रही दुर्गंध से अनुमान लगाया जा रहा है कि शव करीब दो दिन पुराना है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। आगे की कार्रवाई परिजनों के आने के बाद की जायेगी।
