रूद्रपुर। एसटीएफ व वन विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर चंपावत के एक वन्य जीव तस्कर को दो लेपर्ड खाल के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी देते हुए एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि राज्य में वन्य जीव अंगो की अवैध तस्करी में लिप्त तस्करों की अवैध गतिविधियों की रोकथाम व धरपकड़ हेतु अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था एपी अंशुमान द्वारा वन्य जीव जन्तुओं की तस्करी के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने के निर्देश के अनुपालन में एसटीएफ पूरी तरह से एक्शन मोड में है। जिसके परिणामस्वप 07 दिवस के अन्दर 2 अलग अलग मामलों में 4 वन्य जीव तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 हाथी दांत एवं 2 लेपर्ड की खालें बरामद की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ तथा चम्पावत वन प्रभाग की संयुक्त टीम द्वारा एक ज्वांइट ऑप्रेशन में कल शाम कनवाड बैंड देवीधुरा वन रेंज क्षेत्र से एक वन्यजीव तस्कर आनंद गिरि पुत्र महेश गिरी निवासी सूनकोट सेलाखेत थाना मुक्तेश्वर जनपद नैनीताल को 2 लेपर्ड की खाल के साथ गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर आनंद लम्बे समय से वन्यजीव अंगो की तस्करी में लिप्त था। एसटीएफ की इस कार्यवाही में मुख्य आरक्षी गोविन्द बिष्ट की विशेष भूमिका रही। श्री अग्रवाल ने बताया गया कि एसटीएफ द्वारा कल जनपद चम्पावत क्षेत्र में चम्पावत वन प्रभाग को साथ लेकर वन्यजीव तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही की गयी। जिसमें 2 लेपर्ड स्किन के साथ एक शातिर वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। वन्यजीव तस्करों का लम्बे समय से चम्पावत क्षेत्र से वन्यजीव अंगो की तस्करी करने का इनपुट एसटीएफ के पास आया था। जिस पर एसटीएफ की एक टीम को गोपनीय रुप से इस पर कार्यवाही करने हेतु लगाया गया था। कल जब ये तस्कर खालों को किसी बाहर की पार्टी को बेचने के लिए निकला तो टीम द्वारा कार्यवाही कर गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गये तस्कर के विरुद्ध देवीधुरा फॉरेस्ट रेंज में वन्यजीव अधि (वाइल्ड लाइफ एक्ट) के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी रमेश चन्द्र काण्डपाल ने बताया कि एसटीएफ द्वारा वन्यजीव तस्करी की सूचना प्राप्त होने देवीधुरा फॉरेस्ट रेंज की टीम ने एसटीएफ के साथ कार्यवाही कर एक व्यक्ति को 2 लेपर्ड स्किन के साथ देवाधुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है जब वह इन खालों को बेचने की फिराक में जा रहा था। जिससे पूछताछ की जा रही है। अभी प्रारम्भिक पूछताछ में इसके और भी साथियों की भूमिका सामने आयी है जिस पर आगे कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि खालें 2 से 3 वर्ष पुरानी लग रही हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसटीएफ टीम के उनि बृजभूषण गुरुरानी, अउनि प्रकाश भगत, मुख्य आरक्षी गोविंद सिंह विष्ट, दुर्गा सिंह, आरक्षी दीपक भट्ट, देवीधुरा वन प्रभाग टीम के कैलाश चंद्र गुणवंत वन क्षेत्राधिकारी देवीधूरा, बीट अधिकारी किशोरी लाल वन बीट अधिकारी, गोविंद साहू, कुमारी रेनू विष्ट, कुमारी यामिनी पुनेठा शामिल रहे।
