रुद्रपुर। अटरिया रोड स्थित शक्ति विहार कालोनी में कुछ लोगों को प्लॉट बेचने के नाम पर भारी गड़बड़ घोटाला किया गया है। इस सन्दर्भ में न्यायालय में बाद दाखिल कर दिया गया है। प्लॉट बेचने वालों ने अटरिया मंदिर की महंत पुष्पा देवी की जमीन पर भी कब्जा कर लिया हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते प्राचीन अटरिया मंदिर के प्रबन्धक/सचिव अरविन्द शर्मा ने बताया कि शक्ति विहार निवासी कुछ लोग उनकी माता महंत पुष्पा देवी की भूमि पर कब्जा कर लोगों को धोखा देकर उसे बेचकर निर्माण करा रहे हैं। इनके विरुद्ध पुख्ता सबूतों के साथ न्यायालय में वाद दायर करने के बाद न्यायालय के आदेश पर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। उन्होंने बताया कि भूमि बेचने वालों की एवं माता की भूमि की तीन तरफ से सीमायें लगती हैं। उक्त सभी सह खातेदारी में पट्टे सरकार द्वारा दिये गये थे। बताया कि तहसील रिकार्ड में उपलब्ध भूमि के नक्शे के अनुसार भूमि पर उनका कब्जा है लेकिन शक्ति विहार के किशोर शर्मा ने अनेक लोगों को गुमराह कर उनकी भूमि को बेचकर गलत रजिस्ट्री करवाई है।
इसकी जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को प्लॉट बेचे गये हैं उनमें अनेक लोगों को यह भी पता नहीं है कि जिस भूमि पर उन्होंने मकान बनाया है क्या वास्तव में यह वही भूमि है, जिसकी रजिस्ट्री की गई है। अरविन्द शर्मा ने कहा कि वह चाहते हैं कि पूरी भूमि की प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में नक्शे के अनुसार नाप जोख की जाए। इसके बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा। शर्मा ने बताया कि न्याय के लिए ही उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। उन्हें पूरा भरोसा है कि न्यायालय से उन्हें न्याय मिलेगा।
