राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़

उपुचनाव में भाजपा को करारा झटकाः बद्रीनाथ और मंगलौर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी जीते

देहरादून। उत्तराखण्ड में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्तासीन भाजपा को करारा झटका लगा है। दोनों ही सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी ने शानदार प्रदर्शन कर विजय हासिल की है।मंगलौर सीट के बाद अब बदरीनाथ विधानसभा सीट पर भी कांग्रेस ने अपना कब्जा कर लिया है। कांग्रेस प्रत्याशी लखपत सिंह बुटोला ने भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह भंडारी को 5224 वोटों से पछाड़ा है. उपचुनाव में हुई जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। उधर उपचुनाव में मंगलौर और बदरीनाथ सीट पर मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कार्यकर्ताओं के साथ विजय जुलूस निकालकर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कांग्रेस के दोनो सीटो पर विजयी रहे प्रत्याशियों को शुभकामनायें दी। उत्तराखंड में दो विधानसीटों पर हुए उपचुनाव के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज शनिवार को हो गया है। बदरीनाथ और मंगलौर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। बदरीनाथ से कांग्रेस प्रत्याशी लखपत बुटोला तो मंगलौर से कांग्रेस प्रत्याशी काजी निजामुद्दीन विजयी हुए हैं। हालांकि भाजपा यहां कुछ बूथों पर रिकाउंटिंग की मांग कर रही है। विगत 10 जुलाई को मंगलौर और चमोली जिले की बदरीनाथ विधानसभा सीट समेत कुल दो सीटों पर उपचुनाव हुआ था। चुनाव परिणाम के लिए आज यानी 13 जुलाई को सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। बदरीनाथ विधानसभा उप चुनाव की 14वें चरण की मतगणना के बाद कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के लखपत बुटोला 5224 मतों से जीते हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बदरीनाथ विस सीट पर कांग्रेस के हाथों शिकस्त मिली थी, लेकिन कांग्रेस की जीत की पटकथा लिखने वाले राजेंद्र भंडारी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शमिल हो गए थे। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने गढ़वाल संसदीय सीट पर बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस को 8254 वोटों से पीछे छोड़ा था, लेकिन भंडारी के भाजपा में आने के बाद पार्टी इससे भी बड़ी लीड की उम्मीद कर रही थी। इसके साथ ही मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के प्रत्याशी को 449 मतों से पराजित किया। 2022 विधानसभा चुनाव में यहां से बहुजन समाज पार्टी के सरवत करीम अंसारी काजी निजामुद्दीन से 529 मतों के अंतर से चुनाव जीते थे। उनके निधन से यह सीट खाली हुई थी। मंगलौर विस सीट भाजपा ने कभी नहीं जीती। मुस्लिम और अनुसूचित जाति बहुल इस सीट पर बसपा और कांग्रेस का ही कब्जा रहा है। भाजपा ने इस सीट पर प्रत्याशी तो उतारे, लेकिन उसे कभी कामयाबी नहीं मिली। 2022 के चुनाव में पार्टी प्रत्याशी दिनेश सिंह पंवार को 18763 वोट मिले थे।

Aman Singh

journalism

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़