रूद्रपुर। मोदी मैदान में आयोजित विजय शंखनाद रैली को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जहां मुफ्त बिजली की गारंटी दी वहीं कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार हर गरीब और मध्यम वर्ग का हक छीनता है, मैं इनका हक किसी को नहीं छीनने दूंगा। ये मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच साल में अभूतपूर्व काम और देश हित में बड़े फैसलों होंगे।मोदी मैदान में हजारों की भीड़ को सम्बोधित करते हुए पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरूआत मां नंदा देवी, गोल्ज्यू, श्री राज राजेश्वरी के जयघोष के साथ की। साथ ही उन्होंने कुमांऊनी बोलकर सभी का हाल पूछा। इसके बाद अपने सम्बोधन में पीएम मोदी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में ये मेरी पहली चुनावी सभा है। मैं तय नहीं कर पा रहा हूं कि यह प्रचार सभा है या विजय सभा है। उन्होंने कहा कि पंडाल के बाहर धूप में जो लोग तप रहे हैं उनसे क्षमा चाहता हूं। मैदान छोटा पड़ गया यह हमारी व्यवस्था की कमी रही। आपको विश्वास दिलाता हूं कि जो आप धूप में तप रहे हैं ये आप की तपस्या बेकार नहीं जाने दूंगा। मैं इसे विकास करके लौटाउंगा। पीएम मोदी ने कहा देवभूमि का ये आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी पूंजी है। देवभूमि के हर गांव से जो प्यार मिल रहा है आशीर्वाद मिल रहा है मैं इसके लिए आपका हृदय से बहुत बहुत आभारी हूं। ये चुनावी सभा ऐसे क्षेत्र में हो रही जिसे मिनी इंडिया कहा जाता है। मैं जब भी उत्तराखण्ड की पवित्र धरती पर आता हूं। खुद को बहुत धन्य महसूस करता हूं। इसीलिए यहां आकर मेरे दिल की गहराई से बात निकली थी और मैंने यहां कहा भी था कि ‘देवभूमि के ध्यान से ही मैं सदा धन्य हो जाता हूं। है भाग्य मेरा सौभाग्य मेरा मैं तुमको शीश नवाता हूं।’’
प्रधानमंत्री ने कहा देवभूमि उत्तराखण्ड के प्रति भाजपा का जो प्रेम है जो अपनत्व है वो जगजाहिर है। हमें उत्तराखण्ड को विकसित बनाना है, सबसे आगे लेकर जाना है और इसके लिए केन्द्र की भाजपा सरकार कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। बीते दस वर्षों में जितना विकास उत्तराखण्ड का हुआ है उतना आजादी के बाद के साठ पैसठ साल में भी नहीं हुआ। उत्तराखण्ड हर प्रकार की आधुनिक कनेक्टविटी से जुड़ रहा है। उत्तराखण्ड में भाजपा सरकार ने गरीबों को 85 हजार पक्के घर बनाकर दिये हैं। 12 लाख लोगों के घरों तक पानी के कनेक्शन पहुंचाये हैं। यहां भाजपा सरकार ने साढ़े पांच लाख से ज्यादा शौचालयों का निर्माण कराया है। पांच लाख से ज्यादा महिलाओं को उज्जवला गैस योजना का मुफ्त कनेक्शन दिया गया है। करीब तीन लाख लोगों को स्वामित्व योजना के तहत उनकी प्रोपर्टी के कार्ड दिये गये हैं। उत्तराखण्ड के 35 लाख लोगों के पास पहले बैंक में खाते भी नहीं थे। 35 लाख लोगों के खाते खोलकर उन्हें बैंक से जोड़ा है। भाजपा सरकार ने उत्तराखण्ड के छोटे किसानों के खातों में 2 हजार 200 करोड़ रूपये ज्यादा सीधे भेजे हैं। ये सूची बहुत लम्बी है। लेकिन इतने सारे काम तब होते हैं जब नीयत सही होती है। इसलिए मैं कहता हूं नीयत सही तो नतीजे भी सही। पीएम मोदी ने कहा आप जानते हैं मोदी ने भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनाने की गारंटी दी है। इसका मतलब है कि लोगों की कमाई बढ़ेगी। नौकरी के अवसर बढ़ेंगे। गांव हो शहर हो सुविधा बढ़ेगी। इसका बहुत बड़ा लाभ इस देवभूमि को भी होगी और आप जानते हैं मोदी की गारंटी यानि गांटी पूरा होने की भी गारंटी। मोदी ने कहा याद कीजिये मैने आपसे कहा था यहां एम्स का सेटेलाइट सेंटर बनेगा। मैने ये गारंटी पूरी करके दिखाई। बाबा केदार के आशीर्वाद से मेरे मुंह से निकला था, ये दशक उत्तराखण्ड का दशक होने वाला है। कमल निशान पर पड़ा आपका हर वोट इसी संकल्प को और सशक्त करेगा। मोदी की गारंटी ने उत्तराखण्ड के घर घर में सुविधा पहुंचायी है। लोगों का स्वाभिमान बढ़ाया है। अब तीसरे टर्म में एक और बड़ा काम होने जा रहा है, मेरा लक्ष्य है कि आपको चौबीस घंटों बिजली मिले और बिजली का बिल जीरो हो और बिजली से कमाई भी हो। इसके लिए पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शुरू की है। इसके अंतर्गत छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार मदद दे रही है। इससे एक मध्यम वर्गीय परिवार की तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी और ज्यादा बिजली होगी तो सरकार उसे खरीदेगी।रुद्रपुर पहुँचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुफ्त बिजली की दी गारंटी, पढ़िये किन-किन मुददो पर किया सम्बोधन
byAman Singh
0



