रूद्रपुर। अनेक मजदूर संगठनों द्वारा परिसर में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन किया गया जिसमें उनसे बनभूलपुरा में हुई हिंसा की न्यायिक जांच कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि 8फरवरी को हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध मदरसे व मस्जिद को प्रशासन द्वारा ढहाये जाने के बाद हुई हिंसा, आगजनी, पथराव व पुलिस फायरिंग में 5 लोगों की मौत हो गई और आम जनता, पत्रकार पुलिस कर्मी सहित सैकड़ों लोग घायल हो गए। घटना के पश्चात हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। हम रुद्रपुर के मजदूर संगठन, सामाजिक संगठन मजदूर यूनियन इस घटना की कठोर शब्दों में निन्दा करते हैं। जिस मदरसे और मस्जिद को ढहाया गया वह मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है और 14 फरवरी को उस मामले में सुनवाई होनी है। हल्द्वानी नगर निगम द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण को लेकर जब मदरसे व मस्जिद को नोटिस जारी किया गया तब से ही स्थानीय लोगों द्वारा इसका विरोध किया गया और उच्च न्यायालय में इसका केस होने की बात कही गई थी। पहले प्रशासन की 4 फरवरी रविवार को मदरसे और मस्जिद को ध्वस्त करने की योजना थी। अचानक 3 फरवरी की देर रात प्रशासन द्वारा मदरसे और मस्जिद को सील कर दिया गया था। तब फिर ऐसी कौन सी आपात स्थिति पैदा हो गई की प्रशासन ने आनन-फानन में भारी फोर्स लगाकर 8 फरवरी को विवादित निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। शासन प्रशासन की इस कार्यवाही से कई लोगों की अकाल मौत हो गई और सैकड़ों लोग घायल हो गए और संपत्ति का भी भारी नुकसान हुआ। इन परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की जरूरत है। ज्ञापन में मामले की सर्वाेच्च न्यायालय ज्ञापन में मामले की सर्वाेच्च न्यायालय के किसी अवकाश प्राप्त न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराने, नैनीताल जिले के डीएम और एसएसपी, एसडीएम हल्द्वानी और सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, पुलिस फायरिंग में मारे लोगों के परिजनों और घायलों को उचित मुआवजा व घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने, कर्फ्यूग्रस्त इलाके में लोगों को दैनिक उपभोग की जरूरत की सामग्री उपलब्ध कराने आदि की मांग शामिल है। ज्ञापन देने वालों में शिवदेव सिंह, सौरभ कुमार, दिनेश चंद्र, ललित मटियाली, कैलाश चंद्र, अमनदीप कौर, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, अमर सिंह सैनी, गोपाल सिंह गौतम, राजेश कुमार आदि मजदूर संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
हल्द्वानी वनभूलपुरा में हुई हिंसा की न्यायिक जांच कराने की मांग
byAman Singh
0
