(G-वार्ता)
काशीपुर। तड़के से यहां रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश के बीच समूचा शहर ताल तलैया में तब्दील हो गया है। अपराहन 2 बजे तक व्यापक जलभराव के कारण आवागमन बाधित है। ज्ञातव्य है कि तड़के से यहां हो रही मूसलाधार बारिश के बीच स्टेशन रोड, मुरादाबाद रोड, बाजपुर रोड, रामनगर रोड की तमाम स्थानों समेत मेन मार्केट व रतन रोड पर जलभराव के कारण जहां आवागमन बाधित है वहीं दूसरी ओर दो से 3 फीट तक बरसात का पानी जमा होने के कारण दुकानों में पानी घुस गया। इस तरह एक बार फिर से व्यापारियों का भारी नुकसान का आकलन किया जा रहा है। भारी बरसात के बीच जहां शहर के मुख्य मार्ग व राष्ट्रीय राजमार्ग पानी में पूरी तरह डूब गए वहीं दूसरी ओर घनी आबादी वाले मोहल्लों में भी जलभराव ने नगर निगम की पोल खोल दी। निगम प्रशासन द्वारा मानसून आने से पूर्व नाले नालियों के तली झाड़ की भली प्रकार सफाई ना होने के कारण पौराणिक शहर काशीपुर एक बार फिर जलभराव की ज्वलंत समस्या से दो-चार हो उठा। निगम द्वारा जहां नालों की सफाई कराई गई है वहां से कचरे की मलबे को नहीं उठाया गया। भारी बरसात में यही मलबा दोबारा नाले में जाकर जल निकासी में बाधा बन गया है। आवास विकास काजीबाग कटोरा ताल डॉक्टर लाइन मधुबन नगर अल्ली खां लक्ष्मीपुर पट्टðी कवि नगर गौतम नगर समेत नगर के दर्जनों आबादी वाले मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बुरी तरह व्याप्त है। नाले नालियों का मल मूत्र युक्त गंदा पानी सड़कों पर भरने के कारण लोग नारकीय तरीके से आवागमन को विवश हैं।


