(G-वार्ता)
गदरपुर। क्षेत्र की डेढ़ माह में फायरिंग की लगभग आधा दर्जन घटनाओं से गदरपुर दहला हुआ है देर रात्रि बाइक सवार दो युवकों द्वारा किराना की दुकान पर खड़े एक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और आवे में आकर बाइक सवार एक युवक ने दुकान पर बैठे युवक पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जिससे युवक घायल होकर नीचे गिर गया बाइक सवार मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस कर्मी घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले गए जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
गदरपुर आए दिन फायरिंग की घटना लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया। थाना क्षेत्र अंतर्गत बहरा वजीर गांव में शाम को लगभग 7:30 बजे गाँव की एक किराना स्टोर के दुकान पर जसवीर सिंह पुत्र गुरबख्श सिंह उम्र 30 किराना दुकान स्वामी से बातचीत कर रहा था कि अचानक बाइक सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और जसवीर सिंह के साथ किसी बात को लेकर बहस करने लगे। बहस इतना आगे बढ़ गयी कि बाइक सवार एक युवक ने जसवीर सिंह पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जिस से घायल होकर जसवीर सिंह नीचे गिर गया फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में हड़कंप मच गया और कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को मौके पर आता देख बाइक सवार दोनों युवक फरार होने में कामयाब हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव के किसी निजी वाहनों के द्वारा जसवीर सिंह को खून से लथपथ हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर पहुंचाया। जहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. संजीव सरना तथा डॉ. अंजनी कुमार की टीम ने जांच कर युवक को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया, हॉस्पिटल आने से पूर्व युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं पुलिस ने भी घटना के बाद अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में अवैध तमंचा सहित अन्य हथियारों से फायरिंग की घटनाओं से पुलिस प्रशासन पर भी सवालिया निशान पूछ रहे हैं महज खानापूर्ति करने के लिए पुलिस द्वारा गश्त एवं अन्य जांच की जाती है जिसका खामियाजा क्षेत्र के आम नागरिकों को भुगतना पड़ता है यहां यह बात उल्लेखनीय है कि अवैध हथियार आते कहां से हैं और इनका स्रोत क्या है? यह विचारणीय प्रश्न है।
