(G-वार्ता)
रुद्रपुर : लंबे समय से रम्पुरा क्षेत्र के किच्छा हाईवे स्थित भूत बंगला के सामने हुए अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम का पंजा चला। पुलिस प्रशासन व निगम की टीम ने नजूल भूमि से अस्थायी अतिक्रमण को साफ कराया। इस दौरान टीम को थोड़ा विरोध का सामना भी करना पड़ा। करीब चार हजार स्क्वायर फीट भूमि खाली कराई गई।
एनएच-74, रम्पुरा के पीछे नजूल भूमि पर दिसंबर से कुछ लोग धीरे-धीरे काबिज कर रहे थे। पक्का निर्माण कराया और देखते ही देखते करीब चार हजार स्क्वायर फीट की भूमि पर टीन शेड लगाकर कब्जा करना शुरू कर दिया था। नगर निगम ने छह लोगों को नोटिस जारी कर अवैध अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए थे। चार माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी आरोपित लोगों ने भूमि खाली नहीं की। इसके बाद एक सप्ताह पहले अंतिम चेतावनी के रूप में उन्हें फिर से नोटिस दी गई। अतिक्रमण न हटाने पर शुक्रवार को तहसीलदार नीतू डांगर, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, पर्यावरण निरीक्षक गौतम सिंह, कानूनगो राधे श्याम पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे। पुलिस प्रशासन व निगम की टीम को देखकर लोगों ने हो हल्ला मचाया। सख्ती दिखाने पर बाद में खाली करने की बात कहने लगे। लेकिन नगर निगम ने कई बार मौका देने के बाद अब मौका देना सही नहीं समझा। भूमि से अतिक्रमण का सफाया कर दिया गया है। सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई की गई। पक्के निर्माण पर सुनवाई चल रही है। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम रूद्रपुर
नीतू डांगर, तहसीलदार रुद्रपुर
