रूद्रपुर। भूरारानी क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मूल रूप से छत्तीसगढ़ निवासी 25 वर्षीय मधु पिछले करीब पांच वर्ष ये भुरारानी क्षेत्र की दुर्गापाल कालोनी गली नंबर तीन में अपने पति अनिल के साथ रह रही थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। मधु की कोई संतान नहीं है। बताया जाता है कि आज सुबह मधु की अपने पति के साथ कहासुनी हो गयी। जिसकी जानकारी मिलने पर मधु की सहेली उसके घर पहुंची और पति पत्नी को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद मधु की सहेली अपने घर चली गयी। विवाद के चलते मधु ने घर में खाना नहीं बनाया था, जिसके चलते उसकी सहेली करीब एक घंटे बाद खाना लेकर पुनः उसके कमरे में पहुंची तो मधु अचेत अवस्था में पड़ी थी और उसका पति घर में नहीं था। मधु की सहेली ने मामले की सूचना 112 पर पुलिस को दी। जिसके बाद सीओ प्रशांत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे । तभी मधु का पति अनिल भी मौके पर आ गया। मधु को अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर समाजसेवी सुशील गावा, कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा सहित तमाम लोगों की भारी भीड़ जुट गयी। लोग महिला की मौत का लेकर हत्या की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने महिला की मौत को संदिग्ध मानते हुए पति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका, सुबह पति के साथ हुई थी कहासुनी, पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
byAman Singh
0
