रुद्रपुर। बिन्दुखेड़ा क्षेत्र में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल युवक को बेहोशी की हालत में सरकारी अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिन्दुखेड़ा निवासी सुरेन्द्र सिंह पुत्र पप्पू सिंह बीती रात करीब 9 बजे दूध का पैकिट लेने चौराहे पर गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे राज सिंह पुत्र मलकीत सिंह निवासी रायपुर, बलजीत सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी अमरपुर, बेंत सिंह पुत्र गुलजार सिंह निवासी बिन्दुखेड़ा तथा उनका एक अज्ञात साथी ने सुरेन्द्र सिंह को रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सुरेन्द्र सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में सुरेन्द्र सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक दांत भी टूट गया। आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल सुरेन्द्र को एंबुलेंस की सहायता से सरकारी अस्पताल रुद्रपुर लाए। घायल के भाई लखविन्दर सिंह पुत्र पप्पू सिंह ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर उक्त लोगों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला
byAman Singh
0
