खटीमा। आटा-चावल मांगने के बहाने महिला का मंगलसूत्र छीनने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नौगवाठग्गू गांव निवासी अनुराग सिंह राणा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि शनिवार सुबह उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी घर पर अकेली थी। स्कूटी से आए दो युवकों ने उनकी पत्नी से आटा-चावल मांगा। इस दौरान उनकी पत्नी के गले से मंगलसूत्र छीनकर दोनोें भाग गए। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि आरोपी किच्छा ,नई बस्ती निवासी अजय जोशी को मुडेली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से मंगलसूत्र व घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली है। जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
