रुद्रपुर। शहर के दुधिया नगर मोहल्ले में एक महिला के साथ घरेलू हिंसा के दिल दहला देने वाले मामले ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के रहने वाले हुकुम लाल ने अपनी पुत्री जशोदा देवी के साथ हुई निर्मम मारपीट को लेकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता इस समय गंभीर हालत में रुद्रपुर स्थित आई-एस-आई- अस्पताल में भर्ती है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आई हैं । एक हाथ पूरी तरह टूट चुका है जबकि दूसरे में फ्ैक्चर है। जशोदा के पिता ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को उसके पति पीतमराम ने बेरहमी से पीटा, और यह सब उसके सास-ससुर रामवेटी और नन्हे लाल के संरक्षण में हुआ। हुकुम लाल के अनुसार, उसकी बेटी की शादी करीब 22 वर्ष पूर्व पीतमराम से हुई थी, जो वर्तमान में रुद्रपुर के वार्ड नंबर 12, दुधिया नगर में निवास करता है और टुकटुक चलाकर जीविकोपार्जन करता है। शिकायत में कहा गया है कि पीतमराम शराब और अन्य नशीले पदार्थों का आदी है और छोटी-छोटी बातों पर जशोदा को पीटता है। यह कोई पहला मौका नहीं है जब जशोदा को प्रताड़ना का सामना करना पड़ा हो। परिजनों के मुताबिक, इससे पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी है, लेकिन इस बार स्थिति जानलेवा हो गई। जब परिजनों ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, तो पति के माता-पिता ने हमेशा उसकी तरफदारी की। मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब पीतमराम ने अस्पताल में भर्ती जशोदा की देखरेख कर रहे स्टाफ से भी दुर्व्यवहार किया। यह घटना 29 सितंबर की सुबह की बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन द्वारा इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मामला चौकी से होते हुए कोतवाली रुद्रपुर पहुंचा। अब जशोदा के पिता ने महिला हेल्प डेस्क, कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर आरोपी पीतमराम व उसके माता-पिता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि ससुराल पक्ष की ओर से उनकी बेटी की जान को खतरा बना हुआ है। प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ससुरालियों ने विवाहिता के दोनों हाथ तोड़े, जान से मारने की धमकी
byAman Singh
0
