रूद्रपुर। विधायक शिव अरोरा ने आज ट्रांजिट कैम्प में दुर्गा मंदिर के सामने स्थित राशन डिपो के समक्ष राशन लेने आये सैकड़ों राशन कार्डधारकों को आश्वस्त करने हुए कहा कि रूद्रपुर ट्रांजिट कैम्प में आबादी को देखते हुए शीघ्र ही कम से कम छह नये राशन डिपों खोले जायेंगे। इसके लिए वह शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजेंगे। रविवार प्रातः जब वह ट्रांजिट कैम्प में दुर्गा मंदिर के सामने स्थित राशन डिपो के सामने से होकर गुजरे तो उन्होंने लोगों की लम्बी लाईन लगी देखी। वाहन से उतर कर उन्होंने पता किया तो मालूम हुआ कि यहां सैकड़ों लोग जिनमें महिलाओं की संख्या भी कापॅफ़ी होती है प्रातः 4 बजे से ही राशन लेने के लिए लाईन पर लग जाते हैं। तमाम लोगों द्वारा उन्हें बताया गया कि वह अपनी नौकरी से छुट्टी लेकर यहां राशन लेने आते हैं। कई बार भीड़ ज्यादा होने के कारण बिना राशन लिए वापस जाना पड़ता है। इससे उन्हें नुकसान होता है। विधायक शिव ने राशन डिपो संचालक को फटकार लगाकर जब इस बारे में जवाब तलब किया तो उसने बताया कि डिपो में लगभग साढ़े छह हजार राशन कार्ड हैं। राशन आने पर यहां सैकड़ों लोगों की लाईन लग जाती है। जिससे सभी लोगों को एक दिन में राशन देना मुश्किल हो जाता है। उसने बताया कि कई बार लोग उनसे अभद्रता पर भी उतारू हो जाते हैं। बावजूद इसके वह प्रतिदिन नियमित रूप से तब तक राशन वितरित करते रहते हैं। जब तक दुकान में राशन मौजूद होता है। विधायक ने डिपो संचालक को दुकान खुलने व बंद होने का समय बोर्ड पर लिखने और सभी को राशन देने को कहा। उन्होंने कहा कि राशन उपभेक्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मौजूद लोगों ने विधायक से क्षेत्र में राशन डिपों बढ़ाने की मांग की जिस पर उन्होंने कहा कि ट्रांजिट कैम्प में छह और नये राशन डिपो खोले जायेंगे। जिसके लिए वह शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजेंगे। विधायक शिव अरोरा ने मौके पर ही जिला पूर्ति अधिकारी को भी दूरभाष पर ट्रांजिट कैम्प में राशन वितरण व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा गरीब व मध्यम वर्ग के परिवारों को काफी कम कीमत पर राशन व दालों का वितरण करवाया जा रहा है। जिसका लाभ सभी को मिलना चाहिए।
