राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़

पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला करने वालों पर केस दर्ज

रुद्रपुर। पुलिस कर्मी के वाहन को टक्कर मारकर हमला करने के मामले में पुलिस ने घायल पुलिस कर्मी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि वाहन को टक्कर जानलेवा हमले के इरादे से मारी गयी। मामला 6 सितंबर का है। हमले में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुआ था और उसकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रम्पुरा चौकी में तैनात प्रियांशु जोशी अपनी डड्ढूटी समाप्त कर अपने निजी वाहन संख्या यूके 03ए -5252 से सामिया लेक सिटी स्थित अपने निवास लौट रहे थे। जब वे इंद्रा चौक से आगे, गोटिया मस्जिद के पास पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक काली स्कार्पियो संख्या एचआर13एन 1399 सड़क पर लहराते हुए चल रही थी, जिसमें 5-6 युवक सवार थे और वे वाहन में ही शराब पी रहे थे। पुलिसकर्मी ने जब युवकों को टोका और समझाया कि वाहन चलाते समय इस तरह शराब पीना खतरनाक हो सकता है, तो युवकों ने उग्र होकर बदसलूकी शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा तुझ जैसे ठुल्ले बहुत देखे हैं। और वाहन में बैठे दो युवकों ने आपत्तिजनक इशारे भी किए। स्थिति बिगड़ती देख सिपाही ने चौकी पर सूचना देने की कोशिश की, लेकिन युवक उसे चिढ़ाते हुए आगे बढ़ गए। कुछ ही देर बाद जब सिपाही गाड़ी लेकर गाबा चौक के पास पहुंचा, तो स्कार्पियो सवार युवकों ने उसे ओवरटेक कर जान से मारने की नीयत से पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस कर्मी की गाड़ी 2-3 बार पलटी खाते हुए रोड के दूसरी ओर जा गिरी। हादसे में पुलिसकर्मी घायल हो गया, और उसे पास ही मौजूद लोगों द्वारा सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे गौतम प्राइवेट अस्पताल के लिए रेफर किया, जहां फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। प्रियांशु जोशी ने बताया कि यदि गाड़ी के एयरबैग न खुले होते, तो इस हमले में उनकी जान भी जा सकती थी। हादसे में उनकी गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Aman Singh

journalism

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़