रुद्रपुर। राजा कालोनी ट्रांजिट कैम्प में गत सायं कपड़े प्रेस करने के दौरान करंट लगने से 15 वर्षीय किशोर चेतन रस्तोगी की दर्दनाक मौत हो गई। परिजन उसे तत्काल चिकित्सालय ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप, राजा कॉलोनी में गए सायं दर्दनाक हादसा हो गया। 15 वर्षीय चेतन रस्तोगी पुत्र बबलू जो विजिलेंस अकादमी में 10वीं कक्षा का छात्र था। अपने घर में कपड़े प्रेस कर रहा था। अचानक प्रेस का तार उसकी हथेली से चिपक गया। जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। घर में मौजूद उसकी मां ने चीख-पुकार सुनकर उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई है। चेतन के पिता बबलू रस्तोगी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
