हल्द्वानी।वर्दी में रील बनाने के मामले में एसएसपी प्र“लाद नारायण मीणा ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए पुलिस कर्मी को कड़ी फटकार लगाई है। इसके साथ ही उन्होंने पूरे मामले की जांच के आदेश देते हुए एसपी क्राइम से रिपोर्ट मांगी है। बता दें कि पिछले कुछ माह से एक व्यक्ति के इंस्टाग्राम एकाउंट सुर्खियों में थे और वो इसलिए कि खुद को इंस्टाग्राम एकाउंट पर दुबई किंग बताने वाला यह व्यक्ति पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ रील बनाता था। वर्दीधारियों को इस पर ऐतराज नहीं था और वर्दीधारियों की आड़ में कथित दुबई किंग खुद को चमकाने की कोशिश में जुटा था। मामले ने तूल पकड़ा और जब बात अधिकारियों तक पहुंची तो कथित दुबई किंग ने आनन-फानन में अपने एकाउंट से सारे वीडियो डिलीट कर दिए। इस दुबई किंग की रील में पुलिस के आलाधिकारी से लेकर कांस्टेबल और होमगार्ड तक नजर आ रहे थे। मामला मीडिया तक पहुंचा तो पुलिस महकमे में चर्चाएं शुरू हो गईं। ये चर्चाएं रील बनाने वालों तक पहुंची तो आनन-फानन में कथित दुबई किंग के एकाउंट से सारे वीडियो डिलीट करा दिए गए। हालांकि तब तक एसएसपी प्र“लाद नारायण मीणा तक भी मामला पहुंच चुका था। एसएसपी मीणा ने बताया कि पूरे मामले की जांच एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र को सौंप दी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालाकि दुबई किंग की रील में अब खाकी नजर नहीं आ रही, लेकिन स्टोरी में अब भी जलवा कायम है। शायद दुबई किंग अपने इंस्टाग्राम एकाउंट के स्टोरी बैंक से ये स्टोरी डिलीट करना भूल गया। इस स्टोरी में शहर का एक थानाध्यक्ष पार्टी करता नजर आ रहा हैं। साथ में परवेज नाम का सिपाही भी है। प्रतिष्ठान के बाहर इस थानाध्यक्ष की सरकारी गाड़ी खड़ी है। इस थाना अध्यक्ष का नाम नीरज भाकुनी है जो कि सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए अपने आप को सिंघम मानते हुए खुद भी रिल्स बनाने का शौक रखता है। एक बार वीडियो में कथित दुबई किंग अपना प्रतिष्ठान दिखाता है और फिर बाहर थाना अध्यक्ष जिस सरकारी गाड़ी से इसके प्रतिष्ठान में जाता है उस गाड़ी को दिखाता है। सवाल है कि पुलिसकर्मी वर्दी में इस कथित दुबई किंग के साथ फोटो, वीडियो और रील किस कारण बनवा रहे हैं।
