राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़

भूतबंगला में लाठीचार्ज,कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी घायल

 रूद्रपुर। मतदान के दौरान नगर निगम के वार्ड 20 भूतबगला स्थित पोलिंग बूथ पर फर्जी मतदान कराने को लेकर बखेड़ा हो गया। इस दौरान पुलिस ने हंगामा कर रहे कुछ लोगों पर लाठी चार्ज कर दिया जिससे वहां अफरा तफरी मच गयी। लाठीचार्ज में कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी परवेज कुरैशी घायल हो गये। उन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाये है। उधर विधायक शिव अरोरा का कहना था कि फर्जी वोटिंग के साथ-साथ आपराधिक किस्म के आये लोग बूथ कैप्चर करने के प्रयास में थे। जिन्हे पुलिस द्वारा खदेड़ दिया गया। पुलिस की कार्रवाई में वार्ड 20 के कांग्रेस प्रत्याशी परवेश कुरैशी के घायल होने की सूचना पर पूर्व मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना और भाजपा पर गंभीर आरोप भी लगाये। जानकारी के अनुसार सुबह करीब दस बजे भूतबंगला वार्ड नं. 20 में मतदान चल रहा था। इसी दौरान वहां किसी बात को लेकर हंगामा हो गया। मौके पर कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी परवेज कुरैशी जब पुलिस से उलझा तो पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया जिससे वहां अफरा तफरी मच गयी। घायल परवेज कुरैशी को जिला अस्पताल भर्ती कराया। परवेज कुरैशी का कहना है कि वह अपने परिचितों को वोट डलवाने के लिए बूथ पर आये थे, इसी दौरान पुलिस ने उन पर हमला कर दिया। वही हंगामे की सूचना पर विधायक शिव अरोरा भी मौके पर पहुंच गये। उन्होंने कहा कि कुछ लोग फर्जी वोटिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने प्रशासन से कहा कि जो भी फर्जी वोट डालने की कोशिश कर रहा है उस पर सख्त कार्रवाई करें। शिव अरोरा ने कहा कि अपराधिक किस्म के लोग यहां पर बूथ को कैप्चर करने की कोशिश कर रहे थे और फर्जी वोट डालने की कोशिश कर रहे थे, जब पुलिस कार्रवाई करने पहुंची तो ये लोग पुलिस से भी उलझने लगे। उन्होंने कहा कि परवेज कुरैशी हिस्ट्रीशीटर है और बहेड़ी,किच्छा,रामपुर और मुरादाबाद से यहां अपने लोगों को लाकर फर्जी वोटिंग कराने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के पहुंचने पर 150 से अधिक लोग यहां से निकल कर भाग गये। श्री अरोरा ने कहा यहां कई गाड़ियों में बहेड़ी और रामपुर के अपराधिक किस्मों का जमावड़ा था और वह बूथ कैप्चरिंग के प्रयास में थे, इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस यहां पहुंची तो उक्त लोग फरार हो गये। उधर जिला अस्पताल में घायल का हाल जानने के लिए पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, सीपी शर्मा, अनिल शर्मा, सौरभ चिलाना समेत तमाम कांग्रेसी पहुंच गये। उन्होंने घायल का हाल जाना। इस दौरान बेहड़ ने पुलिस प्रशासन पर भाजपा के इशारों पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग सत्ता का खुला दुप्योग कर रहे है। भाजपा एक तरफा चुनाव कराना चाहती है लेकिन जनता इनके मंसूबे पूरे नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर कांग्रेस प्रत्याशी पर हमला किया गया है, कई अन्य स्थानों पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मारपीट की घटनायें हुयी है। उन्होंने कहा कि शाम को इस मुद्दे पर प्रेस वार्ता में विस्तार से खुलासा करेंगे।

Aman Singh

journalism

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़