राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़

सिडकुल की इंटार्क फैक्ट्री में डियूटी के दौरान श्रमिक की हुई मौत, मचा हड़कम्प

 

रूद्रपुर। सिडकुल की इंटार्क फैक्ट्री में काम करते समय श्रमिक की मौत हो गयी। घटना से फैक्ट्री में हड़कम्प मच गया। बताया जाता है कि ड्यूटी पूरी होने के बाद श्रमिक को जबरन काम पर रोक लिया गया,श्रमिकों का आरोप है कि जबरन अधिक काम लेने की वजह से उसकी मौत हुयी है। सूचना पर विधायक शिव अरोरा ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और श्रमिक को मुआवजा दिलाने के लिए फैक्ट्री प्रबंधन से वार्ता की। जानकारी के अनुसार दरिया नगर निवासी 42 वर्षीय दुर्योधन शर्मा पुत्र उमाशंकर शर्मा सिडकुल की इंटार्क कंपनी में काम करता था। शनिवार को दोपहर की शिफ्ट में वह काम करने के लिए दो बजे फैक्ट्री पहुंचा। बताया जाता है कि रात दस बजे शिफ्ट समाप्त होने पर जब दुर्योधन अन्य साथियों के साथ वापस लौटने लगा तो उसे जबरन रात की शिफ्ट में भी काम करने के लिए रोक लिया गया। सुबह छह बजे अचानक दुर्योधन की तबियत बिगड़ी और वह काम करते वक्त गिर पड़ा। साथ में काम कर रहे लोग उसे आनन फानन में निजी अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक के शव को जिला अस्पताल लाया गया। यहां घटना को लेकर श्रमिकों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रबंधन के खिलाफ गुस्से का इजहार किया। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को मिली तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की चार बेटियां हैं। जिसमें सबसे बड़ी 18 वर्ष की और सबसे छोटी बेटी 10 वर्ष की है। इधर मामले की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा मौके पर पहुंच गये। उन्होंने श्रमिकों से पूरे मामले की जानकारी ली और श्रमिक को मुआवजा दिलाने के लिए प्रबंधन से वार्ता की। विधायक ने कहा कि श्रमिक को यथोचित मुआवजा नहीं मिला तो फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ निश्चित रूप से बड़ी कार्रवाई होगी। इस दौरान श्रमिकों ने विधायक को बताया कि प्रबंधन श्रमिकों से जबरन निर्धारित समय से अधिक काम ले रहा है। श्रमिकों के बीमे तक की व्यवस्था नहीं की गयी है। श्रमिक जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं।
Aman Singh

journalism

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़