रूद्रपुर। रम्पुरा से यूपी के बिलारी जा रही बारात में शामिल एक कार शाहबाद के पास गन्ने से लदी ट्रैक्टर से भिड़ गयी। इस हादसे में रूद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के बेहद करीबी रम्पुरा निवासी बंटी कोली की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि दूल्हे का भाई सहित तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गये। देर रात तक हुई घटना के बाद मंगलवार को रामपुर में पोस्टमार्टम के बाद शव रम्पुरा लाया गया। जानकारी के मुताबिक रूद्रपुर से आकाश नाम के एक युवक की बारात बीती रात रम्पुरा से यूपी के रामपुर जनपद अंतर्गत बिलारी के लिए निकली थी। इस बारात में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के करीबी युवा नेता बंटी कोली पुत्र स्व. घासी राम भी अपने तीन मित्रों के साथ एक कार में सवार होकर निकले थे। रात करीब सवा दस बजे शाहबाद क्षेत्र में सड़क के किनारे खड़ी एक टैªक्टर ट्राली से मारूति एसप्रेसो कार की जोरदार भिड़त हो गयी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये। हादसे में ड्राईवर के बगल वाली सीट पर बैठे बंटी कोली की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। हादसा इतना भयानक था कि बंटी कोली का एक हाथ कटकर अलग हो गया और उनका चेहरा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि कार में सवार दूल्हे के भाई सहित तीन अन्य लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित रूद्रपुर से तमाम लोग रात को ही रामपुर पहुंच गये। 28 वर्षीय मृतक बंटी कोली की हादसे में निधन की सूचना मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गयी। तमाम लोगों ने रात को ही रामपुर पहुंचकर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट की। रामपुर में पोस्टमार्टम के पश्चात आज दोपहर बंटी कोली के शव को रम्पुरा स्थित उनके आवास पर लाया गया। उनके घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने लिए हजारों लोगों का तांता लग गया। मृतक बंटी कोली दो बहनों का इकलौता भाई था। बंटी कोली के पिता भाजपा नेता घासी राम का कई वर्ष पहले निधन हो गया था, जबकि कुछ वर्ष पहले उनकी माता का भी निधन हो गया है। बंटी कोली की दोनों बहनों का विवाह हो चुका है। बंटी पिछले करीब 13 वर्षों से पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ जुड़ा था और उनके सामाजिक और पारिवारिक सभी कार्यों में परिवार के सदस्य की तरह काम करता था। पिछले नगर निगम चुनाव में बंटी ने ओमेक्स वार्ड से पार्षदी का चुनाव लड़ा था। मिलनसार और सरल स्वभाव वाले बंटी कोली के निधन की खबर सुनकर हर कोई स्तब्ध रह गया।
पूर्व विधायक ठुकराल के करीबी बंटी कोली की सड़क हादसे में मौत
byAman Singh
0
