रूद्रपुर। मुख्य बाजार स्थित रेडिमेड कपड़ों के शोरूम से दिनदहाड़े पचास हजार रूपये की नगदी चोरी हो गयी। सूचना पर व्यापार मण्डल के पदाधिकारी और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस आस पास लगे सीसी टीवी कैमरे खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार ओमेक्स निवासी अंकित नरूला का मेन बाजार मटके वाली गली में वेनहुसैन कंपनी का शोरूम है। रोजाना की तरह शोरूम खोलने के लिए दुकान का कर्मचारी अरूण शर्मा दुकान पर पहुंचा। अरूण के अनुसार करीब दस बजे एक ग्राहक ट्राउजर लेने के लिए दुकान पर पहुंचा। वह ट्राउजर निकालने के लिए जब उपर गया तो वापस आने पर ग्राहक गायब था। साथ ही गल्ले में रखी नगदी भी गायब थी। अरूण ने सूचना शोरूम स्वामी को दी जिसके बाद व्यापार मण्डल अध्यक्ष संजय जुनेजा, राजेश कामरा सहित कई लोग मौके पर पहुंच गये। सूचना पुलिस को दी गयी। जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस आस पास लगे सीसी टीवी कैमरे खंगाल रही है।
