रूद्रपुर। शहर के फर्नीचर व्यवसायी गुलशन नारंग, उनके पुत्र रौनिक नारंग और पार्टनर सौरभ गावा के प्रतिष्ठान और घरों में छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। छापेमारी के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान किसी को व्यापारी और उनके परिवारजनों से नहीं मिलने दिया गया। बता दें लखनऊ से आयकर विभाग की टीम बृहस्पतिवार सुबह 12 वाहनों में यहां पहुंची। टीमों ने गल्ला मण्डी स्थित गुलशन नारंग के नारंग फर्नीचर मार्ट के साथ ही उनके घर और पुत्र रौनिक नारंग एवं पार्टनर सौरभ गावा के मॉडल कालोनी स्थित विनायक प्लाई के कारपोरेट ऑफिस , सौरभ गावा के एलायंस कालोनी स्थित घर मे ंएक साथ छापेमारी की। टीमों ने फर्नीचर मार्ट में गुलशन नारंग से दुकान के स्टॉक, बैंक खातों का ब्योरा, खरीद बिक्री के रिकार्ड लेने के साथ ही कारोबार के संबंध में पूछताछ की। गुलशन नारंग से टीम ने उनकी पत्नी और बेटे विकास के नाम संचालित विनायक ट्रांसपोर्ट कंपनी के बारे में जानकारी ली। जांच की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। छापेमारी के दौरान पुलिस फोर्स ने किसी को अंदर नहीं जाने दिया। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीम तमाम दस्तावेजों को खंगाल रही है। तीनों जगहों से काफी दस्तावेज अब तक कब्जे में लिए जा चुके हैं जिनके बारे में जांच की की जा रही है। इसके अलावा कारोबारियों और उनके परिवार के बैंक खातों के अलावा फर्मों के बैंक खातों व लेनदेन का भी ब्योरा लिया जा रहा है। बताया जाता है कि आयकर विभाग की टीम गुलशन नारंग के पुत्र विकास नारंग की ट्रांसपोर्ट कंपनी की जांच के सिलसिले में आई थी। बाद में टीम ने नारंग परिवार की अन्य संपत्तियों की भी जांच शुरू कर दी। आयकर विभाग की टीम विकास नारंग का इंतजार कर रही है। बताया जा रहा है कि विकास नारंग का फोन कल से ही बंद आ रहा है। समाचार लिखे जाने तक तीनों स्थानों पर आयकर विभाग की टीम जमी हुई थी।
रुद्रपुर में आयकर विभाग की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी
byAman Singh
0
