किच्छा। कोतवाली अंतर्गत हल्द्वानी मार्ग पर राजपुर व लक्ष्मीपुर क्षेत्र में एनएच के नाम पर अवैध खनन की सूचना पर प्रशासन ने अचानक छापामार कार्यवाही की। प्रशासन की कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया और खनन में लिप्त लोग वाहन लेकर खेतों के रास्ते मौके से भागते नजर आए। उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में की गई छापामार कार्यवाही के दौरान प्रशासन की टीम ने मौके पर एक जेसीबी मशीन तथा खनन से भरे दो डंपर पकड़ लिए। फिलहाल प्रशासन ने पकड़े गए वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हल्द्वानी मार्ग स्थित काली मंदिर के पीछे राजपुर एवं लक्ष्मीपुर क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार मिल रही थी। शिकायत के बाद एसडीएम कोस्तुभ मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासन ने छापामार कार्यवाही की। इस दौरान मौके पर तहसील प्रशासन के अलावा भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रहा। प्रशासन की टीम के मौके पर पहुंचने की सूचना मिलते ही अवैध खनन में लिप्त लोग वाहन लेकर खेतों के रास्ते मौके से फरार हो गए। मौके पर खनन कारोबारी द्वारा कृषि भूमि को खुर्द बुर्द कर बर्बाद करने का मामला भी प्रकाश में आया। खनन में लिप्त लोगों द्वारा गोला नदी किनारे कृषि भूमि पर गहरे गहरे गîक्के खोदकर उपजाऊ भूमि को बर्बाद किया जा रहा है तथा नदी किनारे किए जा रहे अवैध खनन के कारण गोला नदी का आकार लगातार बदल रहा है जिसके चलते आने वाले समय में अगर बाढ़ की स्थिति बनी तो हजारों एकड़ कृषि भूमि और फसल बर्बाद हो जाएगी। काली मंदिर से 4 किलोमीटर दूर गोला नदी के पास लक्ष्मीपुर में एनएच के नाम पर हो रहे अवैध खनन को लेकर स्थानीय प्रशासन द्वारा की गई छापेमारी से खनन कार्य में लगे लोगों में जहां हड़कंप मच गया तथा लोग ट्राले व जेसीबी छोड़ कर भाग खड़े हुए। एक अहम जानकारी यह भी मिली कि अधिकांश डंपरों में नंबर प्लेट भी गायब थी ।उप जिला धिकारी कोस्तूभ मिश्रा ने तहसीलदार गिरीश कुमार त्रिपाठी एवं राजस्व निरीक्षक दीपक कुमार के साथ अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए खनन स्थल से कई ट्रक और जेसीबी को अपने कब्जे में लेकर अवैध खनन के विरुद्ध अभियान चलाया है। उल्लेखनीय है कि विगत कई दिनों से एनएच के नाम पर अवैध खनन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही थी। बताया जाता है कि स्थानीय सत्ताधारी दल के नेता द्वारा भी काली मंदिर के आसपास गोला नदी के किनारे अवैध खनन किए जाने की शिकायत उच्च स्तर पर की थी जिस पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए खनन स्थान पर जबरदस्त छापेमारी की तथा भू अभिलेख का सत्यापन किया। छापामारी की कार्रवाई में स्थानीय पुलिस बल का भी सहयोग लिया गया।इस सम्पूर्ण करवाही में प्रशासन के संज्ञान में यह भी जानकारी आई कि अधिकांश डंपरों की नंबर प्लेट या तो ढक दी गई थी या फिर हटा दी गई ।इसकी मुख्य वजह रॉयल्टी बचाना बताया गया है। वैसे सड़क पर भी ऐसे खनिज लदे वाहनों को देखा जा सकता है। प्रशासन की अवैध खनन के खिलाफ की जा रही कार्यवाही आगे भी जारी रहने वाली है।खनन मे पकड़े गए वाहनों को सीज करने की कार्यवाही के साथ अवैध खनन करने वालों के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत किया जा सकता है जिस प्रशासन अभिलेखों की जांच कर रहा है।यह भी जानकारी में आया है कि कुछ लोग इस खनन का कार्य परदे के पीछे रह कर कर रहे है।
अवैध खनन की सूचना पर एसडीएम ने मारा छापा, जेसीबी मशीन व दो डंपर पकड़े
byAman Singh
0
