लेखक – सिमरप्रित सिंह नारंग
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में लगातार अपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। पिछले काफी समय से ऊधमसिंह नगर मे एक के बाद एक हत्या, चोरी, अपहरण और लूटपाट की घटनाएं इस बात को सिद्ध करती हैं कि उत्तराखंड की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाला ऊधमसिंह नगर मे पुलिस का डर अपराधियों में खत्म हो गया है।
उधमसिंह नगर में हत्या जैसे जघन्य अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस इसको रोक पाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। पुलिस इन मामलों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर अपनी पीठ थपथपाने में लगी है लेकिन क्या केवल पुलिस द्वारा हत्या जैसे मामलों का खुलासा करना ही पर्याप्त है या पुलिस को ऐसे अपराधों को रोकने के लिए कोई सख्त कदम उठाने की जरुरत है।
कुमाऊं मंडल के प्रवेश द्वार ऊधमसिंह नगर में सिडकुल स्थापना के बाद से जनसंख्या में तेजी से वृद्धि हुई। नौकरी की तलाश में बाहरी युवा भी बड़ी संख्या में यहां आए। तेजी से पैसा आया तो शातिर अपराधियों की नजर भी उधमसिंह नगर पर टिक गई। दूसरे प्रदेशों में आपराधिक घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए अपराधी उधमसिंह नगर में शरण ले रहे हैं। यह उनके लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है। मौका मिलने पर वह यहां भी अपराधिक वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
पुलिस प्रशासन का कार्य जनता की सुरक्षा और सहायता करना है, परंतु वर्तमान संदर्भ में देखें तो आए दिन हत्या, बलात्कार, चोरी, डकैती जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। जिले में मामूली बात पर फायरिंग या मर्डर जैसी घटनाओं का होना पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा करता है। अगस्त महीने में ही 07 मर्डर की घटना होना एक गंभीर चिंतन का विषय है।
अगस्त महीने की शुरुआत ही बड़ी घटना के साथ हुई जब रुद्रपुर में 03 अगस्त, 2023 को पति–पत्नी को मौत के घाट उतार दिया गया था जिससे शहर में सनसनी फैल गई थी। मृतक महिला की मां को भी हमलावर ने गंभीर रुप से घायल कर दिया था। यह मामला अभी खुला भी नही कि रुद्रपुर की खेड़ा बस्ती में 04 अगस्त को अज्ञात युवक शव मिलने से हड़कंप मचा गया।
इन घटनाओं पर रोक के प्रयास में एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने 06 अगस्त, 2023 को अपराध पर अंकुश लगाने के लिए 112 एएसआई, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों के एक साथ तबादले कर दिए गए लेकिन इससे भी आपराधिक घटनाओं में कोई कमी होती नजर नहीं आई।
एसएसपी द्वारा इतनी बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों के एक साथ ट्रांसफर के अगले ही दिन 07 अगस्त को प्रेम प्रसंग के चलते महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
रुद्रपुर के प्रीत विहार क्षेत्र में 11 अगस्त, 2023 को पड़ोसियों से मामूली सी कहासुनी होने के बाद युवक की हत्या कर दी गयी और आरोपी मौके से फरार हो गए हैं।
18 अगस्त, 2023 को नानकमता में घर के बरामदे में सोने को लेकर पिता और पुत्र में विवाद हो गया जिसमे पिता ने बेटे को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिए। 24 अगस्त को टांडा जंगल में शव मिलने से सनसनी फैल गई।
इस तरह की घटनाओं पर रोक के लिए आवश्यक है कि पुलिस को अपनी कार्य शैली में सुधार करना होगा। समाज के लिए भी यह गंभीर चिंतन का विषय है। मामूली सी कहासुनी के बाद बड़ी घटनाओं का होना सभ्य समाज में जागरूकता के विषय पर ध्यान दिए जाने को बताता है।
