(G-वार्ता)
रूद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र में स्थित एक क्लीनिक में गर्भवती महिला की मौत हो गयी। जिसके बाद परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। महिला की मौत के बाद क्लीनिक संचालिका क्लीनिक में ताला लगाकर मौके से फरार हो गयी। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही फरार क्लीनिक संचालिका की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक आजादनगर वार्ड नंबर चार निवासी 25 वर्षीय पूजा पत्नी इन्द्रजीत प्रजापति उर्फ गुड्डू को बीती शाम प्रसव पीड़ा होने पर आजादनगर श्मशान घाट रोड स्थित लक्ष्मी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। रात को पूजा की क्लीनिक में मौत हो गयी। जिसके बाद परिजन भड़क गये। उन्होंने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद क्लीनिक संचालिका मौके से फरार हो गयी। मंगलवार सुबह भी परिजनों ने क्लीनिक के समक्ष जमकर हंगामा काटा। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पूजा का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व हुआ था। उसका एक दो साल का बच्चा है। समाचार लिखे जाने तक क्लीनिक संचालिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया है।
