रुद्रपुर। पुलिस मुठभेड़ में घायल गैंगस्टर गगन रतनपुरिया का मूंछों पर ताव देता वीडियो वायरल होने की गाज एएसआई पर गिर गई। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने आदर्श कॉलोनी चौकी में तैनात एएसआई पंकज उप्रेती को निलंबित कर दिया है। उसके सस्पेंड होने के बाद महकमे में कई तरह की चर्चाएं हैं। 24 सितंबर को रुद्रपुर कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान दो गुट आमने-सामने आ गए थे। फायरिंग होने पर कॉलेज के बाहर अराजकता का माहौल बन गया था। इस मामले में पुलिस ने गैंगस्टर गगन रतनपुरिया समेत 15 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया था। 27 सितंबर को पुलिस ने मुठभेड़ में गगन रतनपुरिया को गिरफ्तार कर लिया। उसका पुलिस की निगरानी में एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। कुछ दिन पहले रतनपुरिया का अस्पताल में मूंछों पर ताव देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने इसे निगरानी में तैनात एएसआई पंकज उप्रेती की गंभीर चूक मानते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
