राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़

गोलीकाण्ड के फरार आरोपी के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा

रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह डिग्री कॉलेज में छात्र संघ चुनाव के नामांकन प्रक्रिया के दौरान हुए गोलीकांड मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बहेड़ी निवासी एक फरार आरोपी के घर पर पुलिस ने कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। गौरतलब है कि बीते दिनों नामांकन के दौरान कॉलेज परिसर में दो छात्र गुटों के बीच तीखा संघर्ष हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी हुई थी, जिससे कॉलेज और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। मामले में पुलिस अब तक कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि शेष की तलाश जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयासों के तहत बाजार चौकी इंचार्ज होशियार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बहेड़ी के गरीबपुरा क्षेत्र में दबिश दी। यहां आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र मलकीत सिंह के घर पहुंचकर पुलिस ने कुर्की का नोटिस चस्पा किया। यह नोटिस आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए अंतिम चेतावनी के रूप में दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि आरोपी समय रहते आत्मसमर्पण नहीं करता तो न्यायालय के आदेशानुसार आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्क की जाएगी। वहीं, पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी लगातार दबिश दे रही है।

Aman Singh

journalism

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़