हल्द्वानी। दो माह के वेतन की मांग को लेकर आज कुमांऊं मंडल के अनेक डिपो से आये रोडवेज कर्मियों ने काठगोदाम में स्थित मंडलीय प्रबंधक संचालन कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन के साथ धरना दिया। धरना स्थल पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते वक्ताओं ने कहा कि बार बार आग्रह करने के बाद भी निगम प्रशासन रोडवेज कर्मियों को नियमित रूप से वेतन नहीं दे रहा है। जिससे कर्मियों के समक्ष कई परेशानियां आ रही हैं। उन्होने कहा कि पिछले दो माह से वेतन न दिये जाने के कारण बच्चों की फीस, मकान किराया, घरेलू जरूरतें आदि पूरी करने में निरंतर समस्या आ रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि निगम प्रशासन का ध्यान पुरानी बसों को चलाने और अनुबंधित बसों के संचालन की ओर ही रहता है। परिवहन निगम का कार्य मुख्यमंत्री के हाथों में होने के बावजूद भी निगम की हालत दयनीय होना चिंता का विषय है। वक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि रोडवेज कर्मियों को दो माह के वेतन के साथ ही प्रत्येक माह की 7 तारीख तक नियमित रूप से वेतन नहीं दिया गया तो आन्दोलन तेज करने को बाध्य होना पड़ेगा। इस दौरान उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री मनिंदर सिंह, गजेन्द्र सिंह, गोपेश्वर, दुर्गा प्रसाद, धमेन्द्र सिंह, अमित कुमार, जितेन्द्र सिंह, उमेश कुमार, सुरेन्द्र कुमार, मनोज यादव, धीरज गुप्ता, मनोहर सिंह सहित काशीपुर, रूद्रपुर, भवाली, काठगोदाम, रामनगर, हल्द्वानी, रानीखेत आदि डिपों से आये रोडवेज कर्मी मौजूद रहे।
