बलरामपुर: जिले में बार-बार चेतावनी देने के बाद भी करीब 1,91,251 लोगों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। अब इन्हें तीन महीने का समय दिया गया है। तय समय में ई-केवाईसी पूरी करने पर ही उन्हें राशन मिलेगा, वरना उनका नाम सूची से हटा दिया जाएगा।
जिले में कुल 15,53,402 यूनिट हैं, जिन्हें हर महीने मुफ्त राशन दिया जाता है। अब राशन कार्ड पर दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है, ताकि फर्जी लाभार्थियों की पहचान हो सके। इसी वजह से लोग आधार कार्ड में सुधार कराने और ई-केवाईसी कराने के लिए केंद्रों पर जा रहे हैं। विभाग ने कोटेदारों को जिम्मेदारी दी है कि वे कार्डधारकों को जागरूक कर ई-केवाईसी कराएं।
अब तक 13,62,151 लोगों की ई-केवाईसी हो चुकी है, जबकि बाकी बचे लोगों का सितंबर से राशन रोक दिया गया है। अब ई-केवाईसी कराने के बाद ही उन्हें राशन मिलेगा। गौरा त्रिकौलिया के कोटेदार तिलक राम यादव ने बताया कि वे घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उनके 674 कार्डधारकों में से 90% की ई-केवाईसी हो चुकी है और बाकी की प्रक्रिया जारी है।
