राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़

रुद्रपुर छात्र संघ चुनाव: फायरिंग कांड में मामला हुआ दर्ज

रुद्रपुर। डिग्री कॉलेज रुद्रपुर में छात्रसंघ चुनावों के नामांकन के दौरान बुधवार को हुए बवाल के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बता दें बीते दिवस कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर अचानक दो गुटों में विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते सड़क पर जमकर मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। एंबुलेंस, स्कूल बसें, रोडवेज की गाड़ियाँ और अन्य आवश्यक सेवाएं जाम में फंस गईं। पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दो संदिग्ध वाहनों को कब्जे में लिया है और रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के मद्देनजर कोतवाली रुद्रपुर से अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल गणेश धानिक, पीएसी के महिला व पुरुष पुलिसकर्मी, तथा वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन बुधानी समेत पूरी टीम डिग्री कॉलेज मुख्य गेट पर तैनात थी। दोपहर करीब 1ः15 बजे नामांकन के बाद दोनों प्रमुख प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ कॉलेज गेट के बाहर मुख्य सड़क पर जमा हो गई। इस भीड़ में बड़ी संख्या में छात्रें के अलावा बाहरी लोग भी शामिल थे। जब पुलिस ने उन्हें सड़क से हटने और यातायात बाधित न करने को कहा, तो दोनों गुट झां इंटर कॉलेज की ओर बढ़े और हाईवे पर पहुंचकर आपस में भिड़ गए। इसी दौरान जस्सी कचूरा निवासी अर्जुनपुर ने दूसरे गुट की ओर असलहा निकालकर फायरिंग कर दी। जवाब में सतपाल लाहौरिया उर्फ पिंदर निवासी लालपुर ने भी फायर किया। दोनों गुटों में जमकर मारपीट, गाली-गलौच और मारपीट हुई। फायरिंग से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया और नेशनल हाईवे पूरी तरह से बाधित हो गया। इससे एम्बुलेंस, स्कूल बसें, रोडवेज बसें और अन्य जरूरी सेवाएं जाम में फंस गईं। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद उपद्रवियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ और जाम का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहे। हालांकि पुलिस ने मौके से दो महिंद्रा थार वाहन जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल फायरिंग करने वाले आरोपियों द्वारा किया गया था। पुलिस ने प्राप्त साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जस्सी कचूरा, सतपाल लाहौरिया उर्फ पिंदर, मनप्रीत उर्फ गोपी, अभय सक्सेना उर्फ चाइना, दानिश, गगन रतनपुरिया, चेतन मांगड़, अमृत चीमा, विक्रम, जानी भाटिया, प्रिंस शर्मा, हेमंत उर्फ नोनू मिश्रा, रवि रावत, आकाश यादव, आशीष यादव सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इन पर दंगा करने, फायरिंग, मारपीट, जान से मारने की धमकी, गाली-गलौच, राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित करने, और आवश्यक सेवाओं में विघ्न डालने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हुआ है।
Aman Singh

journalism

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़