राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़

विस्फोट से मकान क्षतिग्रस्त, पांच लोग घायल

हरिद्वार। हरिद्वार में एक मकान के भीतर हुए जबरदस्त धमाके में घर के एक हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है। धमाका इतना जोरदार था कि दीवार की एक-एक ईंट दूर तक बिखर गई। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गये। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर में रखा सिलेंडर सुरक्षित मिला है। घटना की जांच की जा रही है। जांच के लिए फौरेसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। जानकारी के अनुसार बुधवार को तीर्थ नगरी हरिद्वार के गैंडीखाता लालढांग थाना क्षेत्र के गाजीवाली इलाके में रहने वाले दिनेश के मकान में तड़के जबरदस्त धमाका हो गया। ब्लास्ट की चपेट में आकर मकान का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया । धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान की दीवार की एक-एक ईंट अलग हो गई। हादसे में मकान में रह रही दिनेश की 40 वर्षीय पत्नी पिंकी, 18 वर्षीय बेटी खुशी, 16 वर्षीय बेटी सृष्टि, 12 वर्षीय बेटी आकांक्षा और 9 वर्षीय बेटा शौर्य घायल हो गये। जबकि मकान मालिक दिनेश मकान के दूसरे कमरे में सुरक्षित मिला है। दिन निकलते ही हुए धमाके की आवाज के बाद इलाके में अफरातफरी माहौल बन गया। आसपास के लोग आवाज को सुनकर मकान की तरफ दौड़ पड़े, थोड़ी ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायल हुए लोगों को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल भिजवाया है। पुलिस द्वारा की गई जांच में घर में रखे सिलेंडर सुरक्षित मिले हैं, ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आिखर विस्फोट कैसे हुआ है? इसकी जांच के लिए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया । घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने बेरिकेडिंग करते हुए घटनास्थल पर लोगों की आवाजाही को बंद कर दिया है। एसपी सिटी एवं सीओ सिटी ने भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की है।

Aman Singh

journalism

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़