रात करीब एक बजे ट्रांसपोर्ट नगर में लालकुआं मिस्त्री लाइन के पास हाईवे पर एक ट्रक खराब हो गया था। उसी दौरान रुद्रपुर की ओर से आ रही कार खड़े ट्रक में घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दोनों लोग बुरी तरह फंस गए। रात के समय चौकीदार और प्रत्यक्षदर्शियों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को कार से बाहर निकाला।
पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान पंकज शर्मा (45 वर्ष) और जगत सिंह (45 वर्ष) के रूप में हुई, जो गाजियाबाद और दिल्ली के निवासी थे। दोनों नैनीताल अपने भाई से मिलने जा रहे थे।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कार्यदायी संस्था ने सेंचुरी पेपर मिल के पास हाईवे पर कट नहीं दिया है, जिसके कारण वहां पर हादसों का खतरा बना रहता है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे की जांच की जा रही है।
