
रूद्रपुर। गत रात्रि ट्रांजिट कैम्प के शिमला बहादुर में शार्ट सर्किट से लगी आग से दुकान में रखा लाखों रूपये कीमत का सामान जल कर राख हो गया। मामले की सूचना मिलने पर थाना पुलिस व दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार शिमला बहादुर स्थित जय दुर्गा काम्पलैक्स में मौहल्ला खेड़ा निवासी अशोक राजपूत की राजपूत शूज एंड कास्मेटिक नाम से करीब डेढ़ वर्ष से दुकान है। बताया जाता है कि वह गत रात्रि में दुकान बंद करके घर चला गया था। करीब दस बजे पडोसी दुकानदारों ने दुकान के भीतर से धुंआं निकलते देखा। उन्होंने इसकी जानकारी तुरंत अशोक को दी। साथ ही दुकान के शटर के ताले तोड़कर आग बुझाने का काम शुरू किया और मामले की सूचना ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस व दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भारत सिंह तथा दमकल कर्मी दलबल के साथ मौके पर आ गये और उन्होंने लोगों की मदद से आग बुझाने काम शुरू किया। वहीं दुकान स्वामी भी परिजनों के साथ वहां आ गया। आग की भयानकता को देख आस पास की दुकानों को भी खतरा पैदा हो गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुकान स्वामी अशोक राजपूत ने बताया कि अग्निकांड की इस घटना मे दुकान में रखा लाखों रूपये कीमत का सारा सामान जलकर राख हो गया है। घटना के दौरान आस पड़ोस की दुकानों को भी सुरक्षा की दृष्टि से खाली करवा लिया गया था। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। काम्पलैक्स में करीब एक दर्जन दुकानें हैं।