(G-varta)
उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर की कार्रवाई की मांग
गदरपुर। किसानों ने एक सीड प्लांट स्वामी पर गलत बीज देने का आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की। किसानों का आरोप है कि सीड प्लांट स्वामी द्वारा दिए गए बीज से उनकी फसल चौपट हो गई जिससे उनको हजारों रुपए का नुकसान उठाना पड़ेगा।
ग्राम प्रेम नगर निवासी कुछ किसानों ने बलराम नगर स्थित परमहंस सीड प्लांट के स्वामी पर गलत बीज देने का आरोप लगा मुख्य कृषि अधिकारी, जिलाधिकारी युगल किशोर पंत के अलावा उप जिलाधिकारी राकेश तिवारी को पत्र भेजकर सीड प्लांट स्वामी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। किसानों का आरोप है कि उन्होंने उपरोक्त सीड प्लांट से धान का बीज लिया था जिसमें सीड प्लांट स्वामी ने 40% की मिलावट कर बीज दे दिया जिससे धान की पैदावार ना के बराबर हुई है किसानों का कहना है कि देखने से लगता है कि धान की फसल तैयार हो गई लेकिन उसमें बालियां ना के बराबर आई है जिससे करीब 25 एकड़ धान की फसल नष्ट हो गई जिसके कारण उन्हें हजारों रुपयों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर सीड प्लांट स्वामी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है विरोध जताने वालों में कृपाल सिंह, प्रीतम सिंह, बलवीर सिंह, दयाल सिंह सहित अन्य किसान मौजूद थे।
