राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़

दहेज में बुलेट और नकदी न मिलने पर विवाहिता को घर से निकाला

 काशीपुर। दहेज में बुलेट मोटरसाईकिल व एक लाख रूपयों की नगदी न मिलने पर लोभी ससुरालियों ने विवाहिता को धक्के मारकर घर से बेघर कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।घटना के बारे में पुलिस को तहरीर देकर ग्राम बरखेड़ा पांडे थाना आईटीआई निवासी हबीब अहमद की पुत्री जीनत ने बताया कि वर्ष 2023 की 4 सितंबर को उसका विवाह थाना जमुना नगर, जनपद सहारनपुर उप्र- निवासी ताहिर पुत्र शमी हसन के साथ मुस्लिम रीति रिवाज के साथ सम्पन्न हुआ। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी में सामर्थ्यनुसार दान-दहेज देने के बावजूद उसका दाम्पत्य जीवन अधिक दिनों तक सुखी नहीं रह सका। आरोप है कि विवाहिता को शादी के कुछ समय बाद से ही पति ताहिर, ससुर शमी हसन, नन्द फरहा व महर, देवर जुनेद व अयान आपस में एक राय होकर बुलेट मोटरसाईकिल व एक लाख रूपयों के खातिर उसका बुरी तरह उत्पीड़न करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2024 की पांच जनवरी की शाम लगभग छह बजे उसके पति ताहिर ने दहेज की खातिर उसे लात घूसों से बुरी तरह मारा। पीड़िता ने जब इस घटना की जानकारी फोन पर भाई फैजान को दी तो अगले दिन छह जनवरी को वह उसकी ससुराल पहुंच गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ससुराल पहुंचने पर दहेज लोभियों ने उसके भाई के साथ भी मारपीट की और भाई के सामने उसे धक्के मारकर घर से निकाल दिया। इस दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि डिमांड पूरी न होने पर यदि वापस लौटी तो उसे मौत के घाट उतार दिया जायेगा। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के उक्त मामले में उपरोक्त सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Aman Singh

journalism

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़