किच्छा। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गृह स्वामी की गैर मौजूदगी में अज्ञात चोरों ने घर के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। इस दौरान चोरों ने घर में रखे 65 हजार रुपए की नगदी सहित सोने चांदी के कीमती जेवर चुरा लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। नगर के वार्ड नंबर 4, निकट गन्ना समिति, किच्छा निवासी नीरजा चौधरी पुत्री यशपाल सिंह चौधरी ने बताया कि विगत 4 अक्टूबर की सुबह उसने वार्ड चार स्थित अपने पहले मकान में लॉक लगा दिया था और काशीपुर स्थित दूसरे आवास पर चली गई थी। बताया कि 8 अक्टूबर को जब वह काशीपुर से किच्छा आई तो सीधे विद्यालय चली गई और डड्ढूटी करने के पश्चात जब वह वार्ड चार स्थित आवास पर पहुंची तो मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ था जबकि घर के अंदर सभी ताले टूटे हुए थे। बताया कि घर के निकट पड़ोसी शमा र्जी के घर में निर्माण कार्य चल रहा है तथा इस निर्माण कार्य में कार्यरत राजमिस्त्री का सामान हथोड़ा, सरिया, छैनी सहित अन्य सामान पीड़िता के घर में पड़ा हुआ था, जिसे राजमिस्त्री द्वारा पहचान कर अपना सामान बताया गया है। पीड़िता के अनुसार अज्ञात चोरों ने घर में रखी 65 हजार रुपए की नगदी सहित चांदी की तगड़ी, चांदी का गुच्छा, करीब 500 ग्राम वजन की चांदी की बॉल, चांदी का लॉकेट, सोने के दो जोड़ी कुंडल एवं कान की बाली, दो जोड़ी चांदी की पायल आदि सामान चुरा लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
घर के ताले तोड़कर चोरों ने नगदी और जेवर उड़ाये
byAman Singh
0
