रुद्रपुर। जिला मुख्यालय में तार चोर गिरोह की सक्रियता निरंतर बढ़ती जा रही है। बीते दिनों अज्ञात चोरों ने सिविल लाईन में ठुकराल होम डेकोर दुकान के बाहर लगी विद्युत तारों को काटकर चुरा लिया था तो अब उन्होंने पुलिस प्रशासन की रात्रि गश्त के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए सोमवार कर रात्रि जनता इंटर कालेज के सामने और मटके वाली गली स्थित दो दुकानों के बाहर लगी विद्युत तारों को काट दी और अपने साथ ले गये। मामले की जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा सहित कई व्यापारी मौके पर आ गये और उन्होंने पुलिस की निष्क्रियता पर गहरा रोष व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार बिलासपुर निवासी दिलबाग सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह का मटके वाली गली में लन्दन बेरी नाम से कपड़े का शोरूम है। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात्रि वह शोरूम बंद कर घर गये थे। आज सुबह जब शोरूम खोलने आये तों देखा शोरूम के बाहर लगी फिटिंग की विद्युत तारें कटी हुई हैं। जब शटर उठाकर देखा तो सब सामान्य था। वहीं जनता इंटर कालेज के सामने अमित तनेजा के प्रतिष्ठान तनेजा टैक्सटाईल्स के बाहर लगी विद्युत तारें भी अज्ञात चोरों द्वारा काटकर चुरा ली गई। एक ही रात्रि में दो दुकानों के बाहर लगी विद्युत तारों के चोरी होने की घटना से व्यापारियों में पुलिस की निष्क्रिय कार्यप्रणाली के खिलाफ गहरा रोष व्याप्त हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे बाजार चौकी के उपनिरीक्षक अमित कुमार को व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने खरी खोटी सुनाते हुए कहा कि पुलिसकर्मी अपने दायित्वों को पूरा करने में पूरी तरह से नाकाम हो चुके हैं। बाजार में एक के बाद दुकानों से चोरी हो रही है परंतु पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी हुई है। इससे पूर्व सिविल लाईन में ठुकराल होम डेकोर से हुई तार चोरी के मामले में पुलिस कुछ भी नहीं कर पाई है । जिससे उत्साहित होकर अब इन चोरों ने दो और दुकानों को अपना निशाना बनाया। पुलिसकर्मी रात्रि में गश्त करने के नाम पर महज खानापूर्ति कर रहे हैं। यह बात चोरों भी अच्छी तरह से पता चल चुकी है जिसका वह पूरा फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा इसके लिए दोषी पुलिस को व्यापारियों के हुए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। इस दौरान पवन गाबा सहित कई व्यापारी मौजूद थे।
